अरब सागर से उठा चक्रवात ताऊते अब भीषण चक्रवातीय तूफान में तब्दील हो गया है। तटवर्ती इलाकों में ताऊते ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। तूफान के प्राथमिक असर से अबी तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है। कर्नाटक में ही केवल 6 लोगों की मौत हो गयी। तूफान तेजी से गुजरात की तरफ बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग का अनुमान है कि गुजरात सर्वाधिक प्रभावित राज्य होगा।
आज शाम गुजरात से टकराएगा ताऊते
17 मई यानी सोमवार की शाम को ताऊते गुजरात के तट से टकरायेगा। हवा की रफ्तार काफी तेज होगी। मूसलाधार बारिश होगी। तटवर्ती इलाकों में समुद्र में काफी ऊंची और तेज लहरें उठेंगी। मछुआरों को आगाह किया गया है कि वे समुद्र में ना जायें। ताऊते चक्रवाती तूफान ने फिलहाल गोवा, पणजी, कर्नाटक, कोंकण और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में तबाही मचाना शुरू किया है। कई स्थानों पर रास्तों में पेड़ गिर गए हैं। घरों को नुकसान पहुंचा है। विद्युत व्यवस्था ठप हो गयी।
दक्षिणी राज्यों में मूसलाधार बारिश शुरू
कर्नाटक, गोवा और कोंकण के कुछ हिस्सों में बारिश हो रही है। तेज हवा की वजह से घरों को नुकसान पहुंचा है। पेड़ गिरने की वजह से ट्रैफिक बाधित हो गयी है। तूफान तेजी से गुजरात के पोरबंदर और भावनगर जिला की तरफ बढ़ रहा है। मध्य प्रदेश के भी कुछ जिलों में काफी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने लोगों को अलर्ट किया है कि वे सावधानी बरतें। घरों से बाहर नहीं निकलें। मिली जानकारी के मुताबिक तूफान से प्रभावित होने वाले संभावित इलाकों में एनडीआरएफ की 100 टीमों को तैनाता किया गया है। तटवर्ती इलाकों में लाइफ गार्ड्स की तैनाती की गयी है।
झारखंड और बिहार में भी होगा काफी असर
झारखंड और बिहार में भी तूफान का आंशिक असर होने की संभावना है। झारखंड और बिहार में 17 मई की शाम से 19 मई की शाम तक बादल छाए रहेंगे। इन दोनों ही राज्यो के कई जिलों में बारिश होगी। कहीं हल्की तो कहीं मध्यम दर्जे की बारिश होगी। इस बीच वज्रपात होने की भी संभावना है।