देवघर/झारखंड की पहचान क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी से लेकर बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा से है। झारखंड में ऐसी कई महान हस्तियां हैं, जिन्होंने राज्य को दुनियाभर में पहचान दिलाई। देवघर को प्रतिभाओं का शहर कहा जाता है। झारखंड के देवघर के रहने वाले शुभम कुमार का आईपीएल में चयन हो गया है। देश के प्रतिष्ठित क्रिकेट लीग में चयनित होना ना केवल शुभम के परिवार के लिए बल्कि झारखंड के लिए भी गर्व की बात है। शुभम तेज गेंदबाज हैं। यूएई में 19 सितंबर से होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग में शुभम रोहित शर्मा की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस के लिए गेंदबाजी करते नजर आएंगे।
मुंबई में अभ्यास करेंगे शुभम कुमार सिंह
मिली जानकारी के मुताबिक शुभम 16 जुलाई से मुंबई इंडियंस के कैंप से जुड़ चुके हैं। शुभम मुंबई में रहकर अभ्यास करेंगे। गौरतलब है कि इंडियन प्रीमियर लीग का 14वां सीजन कोरोना के बढ़ते मामलों की वजह से स्थगित कर दिया गया था। अब टूर्नामेंट का आयोजन संयुक्त अरब अमीरात में 17 सितंबर से किया जायेगा। शुभम इस लीग में मुंबई इंडियंस की तेज गेंदबाजी आक्रमण का हिस्सा होंगे। रोहित शर्मा, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह, काइरोन पोलार्ड और क्वांटन डिकॉक जैसे अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करना निश्चित तौर पर शुभम के लिए काफी फायदेमंद साबित होगा।
देवघर जिला अंतर्गत बंपास टाउन के हैं शुभम
गौरतलब है कि शुभम कुमार सिंह देवघर जिला के बंपास टाउन के रहने वाले हैं। शुभम मध्यमवर्गीय परिवार से आते हैं। उनका परिवार चाहता था कि शुभम पढ़ाई पर ध्यान दें। हालांकि शुभम को क्रिकेट से प्यार था। उन्होंने इस खेल में लगातार मेहनत किया। साल 2015 में शुभम में झारखंड रणजी टीम में जगह बनाई थी। अंडर-19 क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन का ईनाम शुभम को मिला और वे अब आईपीएल का हिस्सा बन गए हैं। गौरतलब है कि झारखंड के कई खिलाड़ियों ने भारतीय क्रिकेट टीम और इंडियन प्रीमियर लीग में अपनी पहचान बनाई है। पूर्व कप्तान धोनी का परिचय देना तो सूर्य को दीया दिखाने जैसा है।
झारखंड से टीम इंडिया को मिले कई सितारे
झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले महेंद्र सिंह धोनी ने 2017 से 2017 तक टीम इंडिया की अगुवाई की। 2008 से लेकर अब तक वे आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी करते आ रहे हैं। सौरभ तिवारी ने भी टीम इंडिया में जगह बनाई थी। वे आईपीएल में मुंबई इंडियंस का हिस्सा हैं। झारखंड के ही ईशान किशन भी मुंबई इंडियंस का हिस्सा हैं। इशान किशन इस वक्त श्रीलंका के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज में हिस्सा लेने पहुंचे हैं। शाहबाज नदीम दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हैं।