भारत में कोविड वैक्सीनेशन का तीसरा चरण 1 मई से शुरू होगा। इसके लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 28 अप्रैल यानी आज से शुरू होगी। जानकारी के मुताबिक वैक्सीनेशन के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रकिया शाम 4 बजे से शुरू हो जायेगी। टीका लगवाने के लिए आरोग्य सेतु एप या कोविन प्लेटफॉर्म (cowin.gov.in) पर रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। सीधे हॉस्पिटल में रजिस्ट्रेशन नहीं होगा।
आसान स्टेप में समझिये कि वैक्सीनेशन के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया क्या है। यहां पढ़िये पूरी जानकारी।
सबसे पहले (cowin.gov.in) की वेबसाइट पर जायें। यहां अपना मोबाइल नंबर दर्ज कीजिये। आपके नंबर पर ओटीपी भेजा जायेगा। इस नंबर को वेबसाइट पर अंकित ओटीपी बॉक्स में लिखिये। अब वेरिफाइ लिखे आइकन पर क्लिक कीजिए। क्लिक करते ही ये वेरिफाइ हो जायेगा। इसके बाद आपको रजिस्ट्रेशन का पेज नजर आएगा। यहां सारी जानकारी लिखिये और अपनी फोटो आईडी दीजिए। यदि आपको किसी तरह की बीमारी है जैसे कि शुगर, ब्लड, प्रेशर या अस्थमा तो उसे विस्तार से अंकित कीजिए।
पूरी जानकारी भरने के बाद रजिस्टर लिखे आइकन पर क्लिक कीजिए। जैसे ही रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी होगी आपको स्क्रीन पर अपनी अकाउंट डिटेल नजर आने लगेगा। इस पेज से आप अपना अपॉइंटमेंट डेट तय कर सकते हैं।
ऑनलाइन ही करना होगा रजिस्ट्रेशन
इस बार हॉस्पिटल में रजिस्ट्रेशन नहीं होगा। वैक्सीनेशन के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन को अनिवार्य बना दिया गया है। पहले एक ही व्यक्ति 4 अन्य लोगों के लिए रजिस्ट्रेशन कर सकता था लेकिन अब एक व्यक्ति केवल अपना ही रजिस्ट्रेशन कर सकता है। पहले और दूसरे चरण का टीकाकरण तीसरे चरण के साथ ही जारी रहेगा। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन को अनिवार्य बनाया गया है लेकिन 45 साल से अधिक आयु वाला व्यक्ति सीधे हॉस्पिटल जाकर भी अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकता है।
भारत में इन टीकों को मिली है मंजूरी
भारत में वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत 16 जनवरी से की गयी थी। पहले चरण में कोरोना फ्रंटलाईन वर्कर्स को टीका लगाया गया। दूसरे चरण की शुरुआत 1 अप्रैल से की गयी। इसमें 45 साल से अधिक आय़ु वाले सभी व्यक्तियों को टीका लगाया जा रहा है। अब 1 मई से वैक्सीनेशन के तीसरे चरण की शुरुआत होगी। इस चरण में 18 साल से अधिक आयु वाले सभी नागरिकों को टीका लगाया जायेगा। भारत में फिलहाल कोवैक्सीन और कोविशील्ड की टीका लगाया जा रहा है। आने वाले दिनों में रूसी वैक्सीन स्पूतनिक वी का टीका भी नागरिकों को लगाया जा सकता है।