सदर अस्पताल में नेत्र विशेषज्ञ का हुआ पदस्थापन
वर्षों बाद जिला के सदर अस्पताल को नेत्र विशेषज्ञ चिकित्सक मिला है। इसका नोटिफिकेशन स्वास्थ्य सचिव ने जारी कर दिया है। सदर अस्पताल में नेत्र विशेषज्ञ के रूप में डॉ अंकेश कुमार सिन्हा ने योगदान कर लिया है। सदर अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मियों से लेकर आम जनों में भी इस बात को लेकर खुशी है। जो पद काफी दिनों से खाली पड़ा था उसकी भरपाई अब हो गयी है। जिससे कई तरह की समस्या खत्म हो जाएगी। जो लोग समान्य तरह की बीमारी चेकअप कराने आते थे, अब उनके आंख का भी चेकअप सदर अस्पताल में संभव हो पाएगा।
वर्ष 2015 में छह माह के लिए चिकित्सक हुए थे पदस्थापित : अस्पताल प्रबंधन के अनुसार वर्ष 2015-16 में डॉ दिनेश कुमार पाठक धनबाद से ट्रांसफर होकर सदर अस्पताल में पदस्थापित हुए थे। मात्र छह माह के कार्यकाल में ही उनके असामायिक निधन से पद फिर से खाली हो गया। इसके पहले आठ वर्षों तक नेत्र विशेषज्ञ का पद खाली पड़ा था। इसके बाद अब जाकर नेत्र विशेषज्ञ का पदस्थापन हुआ है, जो जिला वासियों के लिए वास्तव में खुशी की बात है।
क्वार्टर भी हो गया अलॉट :
अस्पताल प्रबंधक मुकेश कुमार ने बताया कि डॉ अंकेश कुमार सिन्हा के नाम से अस्पताल परिसर में ही क्वार्टर एलॉट कर दिया गया है। अगर जिले में पूर्व में चिकित्सकों के पदस्थापन की बात करें तो स्थिति काफी खराब है। यहां चिकित्सकों का पदस्थान तो किया गया। इसके लिए सरकार ने नोटिफिकेशन भी जारी किया। चिकित्सक ने योगदान भी लिया। लेकिन इसके बाद चिकित्सक लंबी छुट्टी लेने के बाद कभी नहीं आए। जानकारों के अनुसार संसाधन विहीन होने के कारण ही यहां स्मार्ट सिटी के चिकित्सक रहना नहीं चाहते हैं। जिसके कारण यहां योगदान करने वाले चिकित्सक प्राइवेट क्लीनिक चलाना ही बेहतर समझते हैं।
क्या कहते हैं पदाधिकारी :
सदर अस्पताल में नेत्र विशेषज्ञ के रूप में डॉ अंकेश कुमार सिन्हा का पदस्थापन हुआ है। यह गोड्डा के लिए काफी अच्छी खबर है। आने वाले दिनों में और भी बेहतर व्यवस्था सदर अस्पताल को उपलब्ध करायी जाएंगी।
-डॉ वनदेवी झा, प्रभारी सीएस, गोड्डा
मैं हूँ गोड्डा से अभिषेक राज की रिपोर्ट