समाजसेवा के साथ प्राइवेट बस स्टैंड में किरानी का भी करते थे काम
-पकड़िया के पास सुबह साढ़े छह बजे हुई घटना
नगर थाना क्षेत्र के पकड़िया गांव के गोड्डा-भागलपुर मुख्यमार्ग के पास गुरूवार की सुबह अज्ञात वाहन ने सड़क किनारे टहल रहे राजद नेता सुरेश प्रसाद यादव (55 वर्ष) को कुचल दिया। जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गयी। वही घना कोहरा का फायदा उठाकर वाहन फरार हो गया। करीब आधे घंटे तक सड़क पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गयी। जिसके बाद सूचना पाकर नगर थाना की पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों को समझा कर भीड़ को सड़क से हटा कर किनारे किया। साथ ही शव को एंबुलेंस में रखा गया।
करीब दस बजे नगर थाना प्रभारी अशोक कुमार गिरी भी घटनास्थल पर पहुंचे। साथ ही मामले की छानबीन की। शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल भिजवाया। शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया गया। गांव के ग्रामीणों ने थाना प्रभारी को बताया कि सुबह छह बजे के आसपास तीन हाइवा पंजबारा की ओर गयी है। आशंका जतायी जा रही है कि इन्हीं कोई हाइवा ने सुरेश यादव को कुचल दिया है। बताया कि पकड़िया पेट्रोल पंप व एसबीआई के सामने बद्रीनाथ पेट्रोल पंप में सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है। जांच में वाहन का पता चल सकता है। इधर मृतक के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। इधर थाना प्रभारी अशोक कुमार गिरी ने बताया कि सड़क दुर्घटना में मौत के मामले में अज्ञात वाहन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। मामले की छानबीन में पुलिस जुट गयी है।
राजद के सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में थी पहचान
पूर्व राजद विधायक के रह चुके थे प्रतिनिधि

अज्ञात वाहन के शिकार हुए सुरेश प्रसाद यादव की पहचान जिले में राजद के सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में थी। वह समाजसेवा के साथ साथ बस स्टैंड में किरानी के रूप में भी कार्य करते थे। गोड्ड से भागलपुर जाने वाले श्रीहरि, देवनगरी जैसे बस में किरानी गिरी करते थे। गुरूवार को वे रोजाना के तरह सुबह छह बजे टहलने निकले। लेकिन गांव के बाहर आते ही एनएच-133 पर अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया। इस घटना में उनका सिर पूरी तरह से क्षत विक्षत हो गया। परिजनों की माने तो वे रोजाना पांच बजे ही टहलने के लिए घर से निकलते थे। लेकिन गुरूवार को घनघोर कोहरा देखकर थोड़ा देरी से निकले। लेकिन परिजनों को क्या पता था वे अब कभी लौट कर घर नहीं आएंगे। पत्नी सुमन देवी पकड़िया के ही सरकारी विद्यालय में पारा शिक्षक के रूप में कार्यरत है। मृतक सुरेश यादव का तीन पुत्र में से एक व्यसायी है, दूसरा नंबर का पुत्र विशाखापत्तनम में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है। सबसे छोटा पुत्र शहर के ज्ञान स्थली विद्यालय के आठवीं कक्षा में पढ़ रहा है।
गोड्डा विधान सभा के पूर्व विधायक संजय यादव के मृतक सुरेश यादव प्रतिनिधि भी रह चुके हैं । घटना की सूचना पाकर पूर्व विधायक संजय यादव के पीए विजय मंडल भी वहां पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी से मामले की गहनता से जांच करने की मांग की।
मैं हूँ गोड्डा से अभिषेक राज की रिपोर्ट