शहर के लोहियानगर में रहती बेटी के साथ रहती थी महिला
नगर थाना क्षेत्र के लोहिया नगर में शुक्रवार को एक घर में महिला की संदेहास्पद स्थिति में शव मिला है। शव के गले पर रस्सीनुमा निशान भी है। परिजनों ने महिला के हत्या होने की आशंका लगायी है। जानकारी के अनुसार सदर प्रखंड के सैदापुर गांव के प्रेमचंद्र शांडिल्य की पत्नी स्नेहलता देवी (28 वर्ष) अपने पुत्री के साथ लोहियानगर मोहल्ले में आन्नजय कुमार ठाकुर के मकान पर रहती थी। विगत दिनों बीस दिनों से वहां रह रही थी। उसके साथ उसकी पांच वर्ष की पुत्री भव्या भारती भी रहती थी। शुक्रवार की सुबह परिजनों ने उसके मोबाइल नंबर पर फोन किया। बेटी ने फोन पर जानकारी दी कि मम्मी उठ नहीं रही है। जिसके बाद परिजन वहां पहुंचे। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी। नगर थाना प्रभारी अशोक कुमार गिरी दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। शव को अपने कब्जे में लिया। इसके बाद एसडीपीओ अभिषेक कुमार भी वहां पहुंचे। जहां घटना के मामले में तहकीकात की। वही पुत्री ने जानकारी दी कि रात में खाना खिलाकर उसे सुला दी। इसके बाद जब वह सुबह उठी तो मम्मी जाग नहीं रही थी।
पुत्री का संत थॉमस में कराया था एडमिशन :
परिजनों ने बताया कि प्रेमचंद्र शांडिल्य ने अपनी पुत्री का एडमिशन संत थॉमस स्कूल में एलकेजी में कराया था। इसके पहले उनकी पत्नी और पुत्री गांव में ही रहती थी। एक सप्ताह पूर्व प्रेमचंद्र शांडिल्य अपने कार्यस्थल राजगिर चला गया। जिसके बाद यह घटना घटित हुई। इतने कम समय में वहां से किसी से दुश्मनी भी नहीं थी। जिस पर शक किया जा सकता है। परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए न्याय की गुहार लगायी है।
विभिन्न पहलूओं पर पुलिस कर रही जांच : एसडीपीओ
इस बाबत जानकारी देते हुए एसडीपीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस कई पहलूओं को ध्यान में रख कर जांच कर रही है। उसकी पुत्री से भी घटना के संबंध में जानकारी ली गयी है। घटना के संबंध में अभी तक कोई सुराख भी नहीं मिल पाया है। जिससे आरोपी का पता लगाया जा सके। शव के गले पर रस्सीनुमा निशान भी पाया गया है। इसके अलावे मकान मालिक से भी पूछताछ की जा रही है।