हनवारा/शुक्रवार को गोड्डा जिले के महागामा अनुमंडल अंतर्गत हनवारा थाना क्षेत्र के कुशमहरा गांव के मनीजर रविदास (45) की मौत बिजली करंट लगने से गोवा के अस्पताल में हो गई। उनकी मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मकान का गड्ढा खोदने के दौरान जमीन के नीचे स्थित बिजली तार के चपेट में वह आ गया था, जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गया। आनन फानन में उसके दोस्तों ने गोवा के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि मनीजर रविदास एक माह पहले पहली बार मजदूरी के लिए गोवा गया था। वह मजदूरी का काम करता था। मृतक के सहयोगी द्वारा घटना की जानकारी उनके घर पर परिजनों को दी गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।बताया जाता है कि मृतक युवक एक गरीब परिवार से था। किसी तरह मजदूरी कर अपना घर परिवार चलाता था।
मृतक दो छोटे मासूम बेटा एवं तीन बेटी को छोड़ कर चले गए। मृतक के परिजनों ने स्थानीय विधायक एवं जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। मनीजर रविदास ही परिवार के एक कमाऊ व्यक्ति था।
इसलिए पत्नी के ऊपर छोटे छोटे बच्चों का भरण पोषण करना किसी चुनौती से कम नही है। उनके निधन से परिवार वालों पर दुःख का पहाड़ टूट पड़ा है। खबर लिखे जाने तक पता चला है कि महागामा विधायक दीपिका पांडे सिंह के पहल से मनीजर का शव एम्बुलेंस से झारखंड लाया जा रहा है।
ये भी पढ़ें : गोड्डा में चोरों का हौसला बुलंद,मूकदर्शक बनी है पुलिस : गुड्डू मंडल