अभिषेक/अंतिम चरण चुनाव को लेकर अब प्रचार प्रसार को लेकर मात्र चार दिन ही रह गए है। जिले के तीन विधानसभा पोड़ैयाहाट, गोड्डा महागामा में आगामी 20 दिसंबर को मतदान होना है। ऐसे में लाजमी है कि सभी राजनीतिक दल चुनाव प्रचार को पूरी तरह से कूद गए है। चाहे वह भाजपा हो या फिर महागठबंधन। सभी दलों का प्रचार प्रसार जोर शोर से चल रहा है। स्टार प्रचारकों पूरे संथाल में एक दिन में तीन से चार सभा को संबोधित कर रहे है। लेकिन रविवार से मौसम में हुए बदलाव से राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं को चिंता बढ़ा दी है। पार्टी के हाईकमान की चिंता की लकीरें साफ नजर आ रही है। चाहे वह भाजपा के केन्द्र मंत्री हो या फिर झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष। सभी नेता सभा में हैलीकाप्टर से पहुंच रहे है। नेताओं को खराब मौसम का डर सता रहा है। जैसे रविवार को दिन भर आसमान में बादल छाए रहे और हल्की हल्की बारिश होती रही। अगर यही हालत अगले तीन दिन भी रहा तो राजनीतिक दल द्वारा किये गए तैयारियों पर पानी फिर जाएगा। इधर मौसम विभाग द्वारा सोमवार को संभावित अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री रहेगी। आसमान में हल्के बादल रहने की संभावना है।
अमित शाह, तेजस्वी, हेमंत, शत्रुघन की होनी है सभा : अंतिम चरण में होने वाले चुनाव को लेकर प्रचार प्रसार में सभी दलों ने अपनी ताकत झोंक दी है। जिले में अगले तीन दिन तक औसत तीन हैलीकाप्टर उतरेंगे। अगर भारतीय जनता पार्टी की बात करें तो सोमवार को देश के गृह मंत्री सह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की सभा पोड़ैयाहाट के कमली मैदान में होनी है। इसकी पूरी तैयारी हो चुकी है। वही झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन की भी गोड्डा विधानसभा के गांधी ग्राम व महागामा विधानसभा के ठाकुरगंगटी में सभा को संबोधित करेंगे। इसके अलावे भाजपा के स्टार प्रचार दिनेश यादव उर्फ निरहुआ का गोड्डा विधानसभा के परसपानी में सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद मंगलवार को बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सह राजद नेता तेजस्वी यादव बुधवार तक गोड्डा में रहेंगे। इस दौरान वे गोड्डा विधानसभा के अलग अलग जगहों पर चार सभा को संबोधित करेंगे। वही महागामा विधानसभा में कांग्रेस के स्टार प्रचारक सह पूर्व सांसद शत्रुघन सिन्हा महागामा विधानसभा में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। बताते चले कि खराब मौसम के कारण महागामा विधानसभा के नयानगर में एआइएमआइएम के चीफ सह सांसद असरूद्दीन ओवैसी की सभा होनी थी। संताल परगना के तीन विधानसभा में उनकी सभा थी। रांची हवाई अड्डा से उनका हैलीकाप्टर उड़ा भी। लेकिन खराब मौसम के कारण वह वापस रांची लौट गए। इस बात की पुष्टि उन्होंने वीडियो जारी कर की।