झारखंड में कोरोना संक्रमण की वजह से बिगड़े हालात पर नियंत्रण पाने के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह की अवधि बढ़ा दी गयी। प्रदेश में अब 6 मई तक लॉकडाउन रहेगा। स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह आगामी 6 मई की सुबह 6 बजे तक जारी रहेगा। इस बीच जरूरी सेवाओं को छोड़कर बाकी तमाम सेवायें बंद रहेंगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आपदा प्रबंधन विभाग की बैठक के बाद एलान किया।
सीएम ने ट्वीट कर दी जानकारी
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल के जरिए भी इस बात की जानकारी दी। हेमंत सोरेन ने लिखा कि “राज्य में कोरोना संक्रमण की स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह 6 मई सुबह 6 बजे तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह के पूर्व के निर्देश में कुछ परिवर्तन किये गए हैं जिसकी विस्तृत जानकारी शीघ्र जारी की जायेगी। सहयोग करें। घर पर रहें, सुरक्षित रहें”।
इस बार नियमों में किया बदलाव
जानकारी के मुताबिक इस बार सड़क सुरक्षा सप्ताह में नियमों में कुछ बदलाव किया गया है। पिछली बार नियम बनाया गया था कि रात 8 बजे के बाद सभी दुकानें बंद कर दी जायेंगी। नये नियम के मुताबिक अब दोपहर 2 बजे तक ही दुकानें खुली रहेंगी। 2 बजे के बाद केवल जरूरी सेवा जैसे कि मेडिकल शॉप, किराना दुकान, सब्जी दुकान और डेयरी को ही खुला रखने की अनुमति होगी। लोगों के निजी वाहन द्वारा भी सफर करने की मनाही होगी। पकड़े जाने पर कार्रवाई होगी।
कल खत्म हो रहा है लॉकडाउन
बता दें कि स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह की अवधि गुरुवार की सुबह 6 बजे खत्म हो रही है। सवाल था कि क्या सरकार इसकी अवधि बढ़ाएगी। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी सहित झारखंड मुक्ति मोर्चा ने लॉकडाउन की अवधि बढ़ाने की मांग की थी। झारखंड कांग्रेस प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने कहा था कि कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए न्यूनतम 14 दिन का लॉकडाउन जरूरी है। बुधवार को रांची में सीएम की अध्यक्षता में आपदा प्रबंधन विभाग की बैठक हुई जिसके बाद ये एलान किया गया।