तीन दिन में ही भुठन राय हत्याकांड का खुलासा !
पोड़ैयाहाट के देवदाड़ थाना क्षेत्र के जामकुंदर में विगत 19 जनवरी की रात में हुए भुठन राय हत्याकांड का खुलासा पुलिस ने काफी सक्रियता से कर दिया है। इसको लेकर बुधवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अभिषेक कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में प्रेसवार्ता कर जानकारी दी। बताया कि उक्त कांड के त्वरित उद्भेदन के लिए एक टीम का गठन किया गया। जिसमें घटनास्थल पर जाकर जांच की गयी। आसपास के लोगों से भी जानकारी ली गयी। इस हत्याकांड में काल्हाजोर से ईश्वर हेम्ब्रम को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने अपराध को स्वीकार किया है। आरोपी ईश्वर हेम्ब्रम ने बताया कि कुछ दिनों पूर्व ही भुठन राय द्वारा उसका बैल चोरी कर लिया था। जिसको लेकर वह आक्रोशित था। बैल चोरी के प्रतिशोध में ही उसकी हत्या कर दी। पुलिस को हत्या में प्रयुक्त चाकू व घटना के समय अभियुक्त द्वारा पहना गया कमीज को भी बरामद किया गया है। आरोपी ने सबूत मिटाने का भी प्रयास किया है। जिसमें कमीज में लगे धब्बे को साफ किया गया है।
इस मौके पर पुलिस निरीक्षक गोपाल सिंह, देवदाड़ थाना प्रभारी नागेन्द्र सिंह, सहायक अवर निरीक्षक पुणेश्वर भारती मौजूद थे।