गोड्डा/गुजरात पुलिस झारखंड के गोड्डा जिले पहुंची है। यहां एक मौलाना को धर्म परिवर्तन करवाने के आरोप में पुलिस पकड़ने आयी है। जानकारी के अनुसार भागलपुर जिला में पीरपैंती प्रखंड के दानापुर गांव का रहने वाला एक नवी हुसैन नामक युवक ने गुजरात के सूरत के वराछा की नाबालिग लडकी को अपने प्रेम जाल में फांस लिया था।
उस पर आरोप है कि वह लड़की को लेकर अपने गांव आया और वहां उसका धर्म परिवर्तन करवा दिया। धर्म परिवर्तन के बाद लड़की के साथ निकाह किया। लडकी के परिजनों ने पुलिस में शिकायत की जिसके बाद पुलिस ने प्रेमी नवी हुसैन को गिरफ्तार कर लिया। मेहरमा थाना क्षेत्र के मौलाना महताब राजा और आरोपित युवक के मामा मोहम्मद बशीर की गिरफ्तारी होनी बाकी है।
कैसे हुई दोस्ती
जानकारी के मुताबिक़ युवक नवी हुसैन गुजरात में मजदूरी करता था। उसने अपना नाम बदल कर एक फेसबुक अकाउंट बनाया, वहां एक नाबालिग लडकी से दोस्ती की। धीरे- धीरे उसे अपने प्यार के जाल में फंसाया और 21 अगस्त को लड़की को अपने गांव ले आया। वह 24 अगस्त को मेहरमा में अपने मामा मोहम्मद बशीर के घर आया। वहां मौलाना महताब राजा से धर्म परिवर्तन करायी। इसके बाद नाबालिग लड़की से निकाह कर लिया।
दोनों आरोपी फरार
मेहरमा थाना पुलिस ने शंकरपुर गांव की घेराबंदी की है लेकिन मौलाना को पुलिस के आने की खबर हो गयी थी इसलिए दोनों आरोपी पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गए। मौलाना महताब और मोहम्मद बशीर की गिरफ्तारी के लिए गुजरात पुलिस गोड्डा पहुंची। गुजरात पुलिस ने गोड्डा पुलिस की मदद से शंकरपुर गांव में छापेमारी की लेकिन मौलाना की गिरफ्तारी नहीं हो पायी।