आटो के धक्के से मोटरसाइकिल सवार चपरासी की मौत
-शराब के नशे में था आटो चालक, पुलिस ने दबोचा
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ककना के पास हरना नदी पर बने पुल पर शनिवार की शाम आटो की ठोकर से जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के चपरासी रामअवतार दास की मौत हो गयी। वही शराब के नशे में धुत आटो चालक को पुलिस सदर अस्पताल परिसर से गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार पथरगामा प्रखंड के कोरका गांव निवासी रामअवतार दास डीईओ ऑफिस में चपरासी के पद पर कार्यरत थे। शनिवार की शाम कार्यालय बंद कर वे अपनी मोटरसाइकिल से घर जा रहे थे। इसी दौरान ककना के हरना नदी के पास सामने से आ रही आटो ने उसे जोरदार ठोकर मार दी। जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने आटो चालक को पकड़ा। इसके बाद रामअवतार दास के मोबाइल से उनके परिजनों को सूचना दी गयी। उसे घायल अवस्था में आनन फानन में सदर अस्पताल लाया गया। जहां ऑन ड्यूटी चिकित्सक डॉ अंबिका प्रसाद सिंह ने उसका प्राथमिक उपचार कर उसे भर्ती कर दिया। घायल की हालत काफी खराब थी। उसे ऑक्सीजन लगाया गया। लेकिन कुछ ही देर बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। वही अूाटो चालक को मृतक के परिजनों ने पकड़ कर अस्पताल लाया था। जहां सदर अस्पताल की सूचना पर पहुंचे नगर थाना की पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। शव का पंचनामा बनाने के लिए पुलिस ने तैयारी शुरू कर दी। उनका पोस्टमार्टम रविवार की सुबह होगा। मृतक रामअवतार दास के पुत्र रमेश दास ने बताया कि वे इसी साल सेवानिवृत्त होने वाले थे। रोजाना की तरह वे घर से लौट रहे थे। इसी दौरान यह घटना घटित हुई।
नशे से हुई एक और घटना पथरा के पास मोटरसाइकिल दुर्घटना
नगर थाना क्षेत्र के पथरा चौक के पास शनिवार की शाम मोटरसाइकिल दुर्घटना हुई। जिससे जीतू सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों द्वारा उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार कर उसे भर्ती कर दिया गया। जानकारी के अनुसार भतडीहा निवासी जीतू सिंह अपने मोटरसाइकिल पथरा चौक से घर आ रहे थे। इसी दौरान किसी अन्य वाहन ने उन्हें ठोकर मारकर फरार हो गया। जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर व पैर में गंभीर चोटें आयी है। इधर अस्पताल प्रबंधन द्वारा इस घटना की सूचना स्थानीय थाना पुलिस को दे दी है। इस घटना में एक अन्य आदिवासी युवक भी घायल है। लेकिन वह शराब के नशे में धुत है। अस्पताल में हंगामा कर रहा था। वह अपना नाम भी नहीं बता पा रहा था।