रात के बाद स्थिति समान्य होने की संभावना
विगत दो सप्ताह से जिले में पेट्रोल व डीजल की घोर कमी देखी जा रही है। दिन-रात 24 घंटे में मात्र तीन से चार घंटे ही पंप पर पेट्रोल व डीजल मिल पा रहा है। अधिकांश समय पंप पर पेट्रोल नहीं होने का बोर्ड लगा रहता है। जिससे लोग काफी परेशान हो रहे है। अगर पेट्रोल किसी पंप पर रहता भी है तो सैकड़ों वाहनों की भीड़ जमा हो जाती है। पहले पेट्रोल लेने के लिए कई बार ग्राहकों के बीच तू तू मैं मैं हो जाती है।
जिला मुख्यालय में दो पेट्रोल पंप है। इसमे सरकंडा स्थित इंडियन ऑयल का व दूसरा भागलपुर रोड स्थित हिन्दुस्तान पेट्रोलियम का। इन दोनों के बीच की दूरी लगभग तीन किलोमीटर है। इसके अलावे जिला मुख्यालय से पांच किलोमीटर की दूरी पर स्थिति पांडुबथान में रिलायंस पेट्रोल पंप व पंजबारा रोड स्थित पकड़िया के पास इंडियन ऑयल कंपनी का पंप है। लोग पेट्रोल व डीजल की तालाश में यहां से वहां भटकते नजर आ रहे है। इसमें दो पेट्रोल पंप पर शेड बना हुआ नहीं है। जहां पर ग्राहकों को चिलचिलाती धूप में घंटों तक खड़ा होकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है। यह साफ तौर पर पंप मालिकों की मनमानी प्रतीत हो रहा है। जबकि मापदंड के अनुरूप पंप पर शेड होना अति आवश्यक है।
आज रात से स्थिति समान्य होने की संभावना
इधर झारखंड पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष प्रीतेश नंदन ने बताया कि बुधवार को धनबाद में झारखंड टैंकर ऑनर्स एसोसिएशन की बैठक हुई। छह घंटे तक लगातार चली इस बैठक में आंदोलन को एक सप्ताह तक स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। झारखंड बिहार के मुख्य महाप्रबंधक एसकेपी सिंह ने इससे जुड़ी समस्याओं को एक सप्ताह के भीतर सुलझा लेने का अश्वासन दिया है। आज रात से स्थिति समान्य होने की संभावना है। बताया कि दो दिन पूर्व पूरे संताल परगना में पेट्रोल डीजल की आपूर्ति बंद हो गयी थी।
अभिषेक राज